नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। सरकारी टेलीकॉम कंपनी भारत संचार निगम लिमिटेड (बीएसएनएल) ने देश में नया सैटेलाइट फोन लॉन्च किया है। यह फोन बिना मोबाइल टावर के सीधे उपग्रह से कनेक्ट होकर कॉलिंग और मैसेज की सुविधा देगा। बीएसएनएल ने स्वतंत्रता दिवस के मौके पर इस फोन की बुकिंग 15 अगस्त से शुरू करने की घोषणा की है।

पुलिस सत्यापन और जरूरी औपचारिकताओं के बाद ही मिलेगा फोन

सैटेलाइट फोन की बिक्री के लिए ग्राहकों को कुछ जरूरी प्रक्रियाएं पूरी करनी होंगी। राष्ट्रीय सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए गृह मंत्रालय की ओर से दूरसंचार विभाग अपने ग्राहक का पुलिस वेरिफिकेशन करवाएगा। सत्यापन पूरा होने के बाद ही फोन उपलब्ध कराया जाएगा।

इतना ही नहीं ग्राहकों को फोन उपयोग का उद्देश्य, समयावधि और भौगोलिक क्षेत्र के बारे में बताना होगा, जहां सैटेलाइट फोन का उपयोग किया जाएगा। अधिकारियों के मुताबिक आने वाले कुछ दिनों में सभी कार्यालयों को फोन का स्टॉक आवंटित किया जाएगा।

1.12 लाख रुपये शुरुआती कीमत, आम नेटवर्क पर भी होगी बात

बीएसएनएल के मुख्य महाप्रबंधक पंकज उपाध्याय ने पत्रकार वार्ता में बताया कि सैटेलाइट फोन से सामान्य सिम कार्ड वाले मोबाइल नेटवर्क पर भी कॉल लगाए जा सकेंगे। उन्होंने कहा कि यह तकनीक देश की सुरक्षा से जुड़े कार्यों के साथ ही दूरदराज के क्षेत्रों में काम करने वाले संस्थानों के लिए उपयोगी साबित होगी। वे कहते हैं कि फोन की शुरुआती कीमत 1 लाख 12 हजार रुपये रखी गई है। उन्होंने कहा कि फोन के लिए प्रत्येक टेलीकॉम सर्कल के हिसाब से अलग-अलग टैरिफ प्लान तैयार किए जाएंगे।

स्वतंत्रता दिवस पर विशेष ऑफर: 1 रुपये में मिलेगी सिम

डीजीएम लोकेंद्र डोंगरे और इंदौर एरिया हेड जेके वर्मा का कहना है कि स्वतंत्रता दिवस पर ग्राहकों के लिए विशेष ऑफर रखे हैं। अगले एक महीने में नया मोबाइल कनेक्शन लेने पर ग्राहकों को एक रुपये में सिम आवंटित की जाएगी। 12 सितंबर तक ऑफर रखा गया है। इसके अलावा 2399 रुपये में 412 दिनों की वैधता का प्लान भी रखा गया है। जबकि एफटीटीएच वाले नए ग्राहकों के लिए पहला महीना रेंट फ्री रहेगा। उन्होंने कहा कि कंपनी ने एक बारकोड बनाया है। उसे स्कैन करने के बाद ग्राहक अपनी व्यक्तिगत जानकारी दे सकते हैं। उसके बाद तीन घंटे में लैंडलाइन फोन इंस्टॉल किया जाएगा।